नेपाल में अगले साल मार्च में होने वाले आम चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। हाल ही में संघर्ष के बाद अंतरिम प्रधानमंत्री बनीं सुशीला कार्की के नेतृत्व में सभी प्रमुख और क्षेत्रीय राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी बीच रविवार को भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने नेपाल के गृहमंत्री ओम प्रकाश आर्यल से मुलाकात की।

यह बैठक काठमांडू स्थित गृह मंत्रालय में हुई, जिसमें दोनों देशों के बीच शांति, सुरक्षा और सीमाई सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। बातचीत के बाद गृहमंत्री आर्यल ने बताया कि सरकार की प्राथमिकता कानून-व्यवस्था बनाए रखना, भ्रष्टाचार खत्म करना और सुशासन सुनिश्चित करना है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार 5 मार्च 2026 को तय तारीख पर शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए पूरी तैयारी में जुटी है।

