महाराष्ट्र के पालघर से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर दौड़ती एक कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई, लेकिन ड्राइवर की समझदारी से बड़ा हादसा टल गया। यह हादसा दापचरी सीमा शुल्क चेकपोस्ट के पास रविवार देर रात हुआ। तेज रफ्तार से जा रही कार में अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे वाहन को घेर लिया। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए फौरन कार रोक दी और उसमें सवार चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही पलों में कार राख में

बदल गई। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्राथमिक अनुमान के अनुसार इलेक्ट्रिकल फॉल्ट या ईंधन लीक इसकी वजह हो सकती है। राहत की बात यह है कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

