बेंगलुरु सेंट्रल जेल से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने जेल प्रशासन की पोल खोलकर रख दी है। वीडियो में कैदी खुलेआम शराब पीते, डांस करते और मोबाइल पर बात करते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो ने सभी को हैरान कर दिया है। जिन सुविधाओं का आम आदमी जेल के बाहर भी आसानी से इस्तेमाल नहीं कर पाता, वही सुविधाएं कैदी जेल के अंदर भोग रहे

हैं। कुछ कैदी मोबाइल पर बात करते दिख रहे हैं तो कुछ टीवी देखकर मस्ती में डूबे हैं। इस मामले में कर्नाटक के गृह मंत्री डॉक्टर जी परमेश्वर ने तुरंत जेल अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है। उन्होंने कहा कि बिना जेल कर्मियों की मिलीभगत के ऐसे वीडियो संभव नहीं हैं। वहीं, बीजेपी ने कांग्रेस सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर निशाना साधा है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

