
जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ में दो आतंकी ढेर हो गए। केरन सेक्टर में शुरू हुए इस संयुक्त अभियान में जवानों ने संदिग्ध गतिविधि देखकर आतंकियों को चुनौती दी, जिसके बाद उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आतंकी मारे गए और इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। हाल ही में श्रीनगर पुलिस ने तीन आतंकियों को गिरफ्तार किया था, जिनके पास से हथियार और कारतूस बरामद हुए थे। इससे पहले किश्तवाड़ में भी सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। खुफिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जम्मू-कश्मीर में फिर से हमलों की साजिश रच रहे हैं। सुरक्षाबल लगातार अलर्ट हैं और आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत अभियान जारी रखे हुए हैं।

