
भारत की रेल यात्रा में नया अध्याय जुड़ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी से एक साथ चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन ट्रेनों के साथ देश में वंदे भारत सेवाओं की कुल संख्या 164 हो गई है। पीएम मोदी ने कहा कि वंदे भारत, नमो भारत और अमृत भारत जैसी ट्रेनें भारतीय रेलवे की अगली पीढ़ी की नींव तैयार कर रही हैं। नई वंदे भारत ट्रेनें बनारस-खजुराहो, लखनऊ-सहारनपुर, फिरोजपुर-नई दिल्ली और एर्नाकुलम-बेंगलुरु रूट पर चलाई गई हैं। ये ट्रेनें यात्रियों को न सिर्फ तेज और आरामदायक सफर देंगी, बल्कि धार्मिक, आर्थिक और व्यापारिक कनेक्टिविटी को भी मजबूती देंगी। चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री में मेक इन इंडिया के तहत बनी ये ट्रेनें देश के रेल आधुनिकीकरण की दिशा में एक और बड़ा कदम साबित होंगी।

