
हरियाणा चुनाव में कथित गड़बड़ी का आरोप लगाने वाले राहुल गांधी पर अब भाजपा ने पलटवार किया है। मुंबई भाजपा नेता अमित साटम ने कांग्रेस विधायक असलम शेख पर दो वोटिंग कार्ड होने का आरोप लगाते हुए सवाल किया — “राहुल गांधी जी, अब इस पर क्या कहेंगे?” साटम ने एक्स पर वोटर लिस्ट की तस्वीरें साझा कर दावा किया कि असलम शेख का नाम दो जगह दर्ज है। यह तब सामने आया जब राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि “हरियाणा में 25 लाख फर्जी वोटों से चुनाव चोरी किया गया।” राहुल के आरोपों के तुरंत बाद केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने उन्हें झूठा बताते हुए कहा कि वे चुनाव आयोग का अपमान कर रहे हैं। रिजिजू ने यह भी जोड़ा कि कांग्रेस के अपने ही नेताओं ने माना है कि पार्टी अंदरूनी कलह के कारण चुनाव हारी।

