भाजपा सांसद और अभिनेता रवि किशन को मिली जान से मारने की धमकी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गोरखपुर सांसद को फोन पर धमकी देने वाले आरोपी को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की पहचान अजय कुमार यादव के रूप में हुई है, जो फतेहगढ़ इलाके का निवासी है। गोरखपुर पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 352, 351(3) और 302 के तहत मामला दर्ज किया है।

रवि किशन ने कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर जानकारी दी थी कि उन्हें फोन पर अपशब्द कहे गए, मां और प्रभु श्रीराम के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने कहा कि यह हमारी आस्था और संस्कृति पर हमला है, लेकिन “न मैं डरूंगा, न झुकूंगा।” रवि किशन ने दोहराया कि जनसेवा और धर्म का मार्ग उनके जीवन का संकल्प है, जिसे वे हर परिस्थिति में निभाएंगे।

