
पाकुड़ के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के किस्मत लखनपुर गांव में शुक्रवार देर रात आपसी विवाद और पुरानी रंजिश में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 55 वर्षीय मकबूल शेख,उर्फ शुकू शेख, निवासी किस्मत लखनपुर के रूप में हुई है। मकबूल शेख पत्थर उद्योग से जुड़ा हुआ था। एसपी निधि द्विवेदी ने अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा किया। घटना के उद्भेदन में संबंधित अपराधकर्मियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी पाकुड़ के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया गया। छापेमारी दल ने साक्ष्य व गुप्तचरों के आधार पर घटना में संलिप्त अपराधकर्मी क्रमशः ललन शेख उर्फ सादिरूल शेख एवं दनारूल शेख को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए दोनों व्यक्ति पिता पुत्र हैं एवं इनका आपराधिक इतिहास रहा है। इस मामले में पाकुड़ मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 242/2025, दिनांक 1/11/2025 व बीएनएस की धारा 103(1)/61(2)/3(5) एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार अपराधी के पास से 7 एम एम पिस्टल एवं 5 चक्र गोली बरामद किया गया है। छापेमारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक सह मुफ्फसिल थाना प्रभारी गौरव कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सह हिरणपुर थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक सह मालपहाड़ी ओपी प्रभारी राहुल गुप्ता, संजीव कुमार झा, अजय कुमार उपाध्याय, अनंत साहा, अरविंद मंडल, सहायक अवर निरीक्षक अमर फारूक शामिल थे।

