एलन मस्क की कंपनी Starlink भारत में जल्द ही अपनी सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस लॉन्च करने जा रही है। कंपनी को फिलहाल दूरसंचार विभाग से कमर्शियल लॉन्चिंग की मंजूरी का इंतज़ार है। रिपोर्ट के मुताबिक, स्टारलिंक ने मुंबई के चांदिवली इलाके में 1,294 वर्ग फुट का ऑफिस स्पेस 5 साल के लिए 2.33 करोड़ रुपये की लीज पर लिया है — जो भारत में इसकी पहली आधिकारिक मौजूदगी मानी जा रही है। कंपनी ने आज से मुंबई में 30 और 31 अक्टूबर को तकनीकी और सुरक्षा डेमो रन शुरू किया है, जिसमें हाई-स्पीड सैटेलाइट

इंटरनेट की क्षमता प्रदर्शित की जाएगी। स्टारलिंक भारत के 9 शहरों — जैसे मुंबई, नोएडा, चंडीगढ़ और कोलकाता — में अपने बेस स्टेशन स्थापित करेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि स्टारलिंक की एंट्री से देश में सैटेलाइट इंटरनेट सेक्टर में बड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि यूज़र्स बिना किसी मोबाइल नेटवर्क के भी हाई-स्पीड इंटरनेट का उपयोग कर सकेंगे, जिससे दूर-दराज़ इलाकों में भी ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी संभव होगी। जियो, एयरटेल और अमेज़न की कूपियर सर्विस भी इस क्षेत्र में अपनी तैयारी कर रही हैं।

