उपायुक्त की अध्यक्षता में कारा सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कारा सुरक्षा व्यवस्था, कैदियों बंदियों की मूलभूत सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवा, मुलाकाती व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरा की स्थिति एवं अन्य आवश्यक बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक के दौरान उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जेल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पूर्ण रूप से सुदृढ़ रखी जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में कारा के भीतर प्रतिबंधित वस्तुओं का प्रवेश न हो। जेल परिसर में किसी भी बंदी के पास मोबाइल फोन पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त ने ड्रग्स इंस्पेक्टर को निर्देश दिया कि जेल एवं जिले की दवा दुकानों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी दुकान में प्रतिबंधित सिरप या नशीली दवाओं की बिक्री नहीं होनी चाहिए। यदि ऐसा पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही जेल परिसर का भी औचक

निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करें कि कोई बंदी प्रतिबंधित पदार्थों का सेवन न कर रहा हो। उन्होंने जेलर को निर्देशित किया कि कैदियों के भोजन पानी की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखा जाए तथा किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और स्वच्छता व्यवस्था को भी सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए गए।उपायुक्त ने कहा कि कारा प्रशासन एवं संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखते हुए सुरक्षा, अनुशासन एवं मानवीय संवेदनाओं के बीच संतुलन स्थापित करना आवश्यक है।

