
जर्मनी में बर्ड फ्लू का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। सितंबर की शुरुआत से अब तक देश में पांच लाख से अधिक मुर्गियां, बत्तखें, हंस और टर्की मारे जा चुके हैं। यह संक्रमण H5N1 वायरस से फैल रहा है, जो बेहद संक्रामक माना जाता है। राजधानी बर्लिन के पास स्थित लिनम गाँव में हाल के दिनों में करीब 2,000 मृत सारस मिले हैं। यह इलाका हर साल प्रवासी पक्षियों का ठिकाना रहता है, लेकिन इस बार बर्ड फ्लू ने इन्हें बुरी तरह प्रभावित किया है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह संक्रमण यूरोप के अन्य हिस्सों में भी फैल सकता है, जिससे पशु स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

