
सारण जिले के तरैया में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राजद नेता तेजस्वी यादव ने युवाओं को रोजगार और बेहतर भविष्य का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा, “हमें दीजिए एक मौका, नौकरी मिलेगी पक्का, आपके भरोसे का लगाऊँगा छक्का।” तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार की असली ताकत उसका युवा है, और यदि जनता उन्हें मौका देती है, तो राज्य में हर हाथ को काम और हर घर में खुशहाली सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनने पर शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव होंगे। तेजस्वी ने नीतीश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आज भी लाखों युवाओं को रोजगार के लिए बाहर जाना पड़ता है, जिसे वह बदलना चाहते हैं। सभा में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और युवाओं ने जोश के साथ “तेजस्वी भव बिहार” के नारे लगाए।

