दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने नशीले पदार्थों की तस्करी की बड़ी कोशिश को नाकाम किया है। अधिकारियों ने बैंकॉक से उड़ान संख्या 6E-1054 से आए एक भारतीय यात्री को ग्रीन चैनल पार करने के बाद रोका। उसके सामान की एक्स-रे जांच के दौरान संदिग्ध आकृतियां दिखाई दीं। तलाशी लेने पर बैग के नीचे एक नकली तह में छिपाकर रखा गया हरे रंग का पदार्थ मिला, जो हाइड्रोपोनिक वीड (गांजा) जैसा प्रतीत हुआ। कुल मिलाकर 2,542 ग्राम वजन के दस पैकेट बरामद किए गए, जिनमें

पैकिंग सामग्री भी शामिल थी। जब्त किए गए नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम, 1985 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सीमा शुल्क विभाग इस मामले में आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि यह खेप कहां भेजी जानी थी।

