दिल्ली यूनिवर्सिटी की सेकंड ईयर की छात्रा पर सोमवार सुबह एसिड अटैक की सनसनीखेज वारदात हुई। घटना नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के लक्ष्मीबाई कॉलेज के पास हुई, जहां पीड़िता एक्स्ट्रा क्लास के लिए जा रही थी। कॉलेज से कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उस पर ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया। छात्रा ने अपना चेहरा बचा लिया, लेकिन उसके दोनों हाथ गंभीर रूप से जल गए। फिलहाल उसका इलाज आरएमएल अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के मुताबिक हमलावर लड़की का परिचित जितेंद्र है, जो मुकुंदपुर का रहने वाला

है। वह अपने साथियों ईशान और अरमान के साथ वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपी पिछले कुछ समय से पीड़िता का पीछा कर रहा था और एक महीने पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें छापेमारी कर रही हैं।

