
अमेरिका में 21 वर्षीय भारतीय नागरिक जशनप्रीत सिंह को दक्षिणी कैलिफोर्निया में एक ट्रक दुर्घटना के मामले में गिरफ्तार किया गया है। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार, जशनप्रीत नशे की हालत में वाहन चला रहा था और दुर्घटना के दौरान उसने ब्रेक नहीं मारी। डैशकैम वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रक ने पीछे से कार को टक्कर मारी, जिसके बाद कार आगे चल रहे वाहन से टकरा गई। जशनप्रीत सिंह भी हादसे में घायल हुआ और अस्पताल में उसकी जांच की गई। पुलिस ने बताया कि टेस्ट में उसके नशे की पुष्टि हुई। जांच में यह भी सामने आया कि जशनप्रीत सिंह मार्च 2022 में अवैध रूप से अमेरिका में दाखिल हुआ था और उस समय सीमा गश्ती एजेंटों ने उसे पकड़ा था, लेकिन उसे रिहा कर दिया गया था। अमेरिकी होमलैंड सुरक्षा विभाग ने पुष्टि की है कि उसके पास अमेरिका में रहने का कोई वैध दस्तावेज़ नहीं है।
