उत्तर प्रदेश की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य की कार शुक्रवार रात आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हादसे का शिकार हो गई। यह दुर्घटना फिरोजाबाद के कठफोरी गांव के पास किलोमीटर नंबर 56 पर हुई। बताया जा रहा है कि एक्सप्रेस-वे पर बने डायवर्जन के संकेत स्पष्ट न होने के कारण उनकी कार असंतुलित होकर सड़क किनारे टकरा गई।

गनीमत रही कि मंत्री बेबी रानी मौर्य इस हादसे में बाल-बाल बच गईं और किसी के घायल होने की खबर नहीं है। सूचना मिलते ही सीओ सिरसागंज मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद मंत्री ने यूपीडा अधिकारियों से नाराजगी जताते हुए कहा कि इतने बड़े एक्सप्रेस-वे पर डायवर्जन संकेतों का अभाव गंभीर लापरवाही है। उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
