
उत्तराखंड के केदारनाथ मंदिर के कपाट आज से शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। भाई दूज के अवसर पर सुबह 8:30 बजे हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में कपाट बंद हुए। इस दौरान पूरा केदारघाटी “हर हर महादेव” और “जय बाबा केदार” के जयघोष से गूंज उठा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। अब अगले 6 महीने तक बाबा केदार की पूजा-उपासना शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में होगी। कपाट बंद होने के बाद चल डोली रामपुर, गुप्तकाशी और अंत में 25 अक्टूबर को ऊखीमठ पहुंचेगी। इस साल केदारनाथ और बदरीनाथ में रिकॉर्ड श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। केदारनाथ में दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या 16.56 लाख और बदरीनाथ में 14.53 लाख पार कर गई, जो पिछले साल के रिकॉर्ड से अधिक है।

