
नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे के अलीपुरद्वार डिवीजन में गुरुवार सुबह सलाकाटी और कोकराझार स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध धमाके की खबर सामने आई। यह घटना रात 1 बजे के करीब तब हुई जब UP AZARA शुगर मालगाड़ी इस सेक्शन से गुजर रही थी। जोरदार झटके के बाद ट्रेन को रोकना पड़ा। जांच में ट्रैक और स्लीपरों को नुकसान पाया गया, जिससे ब्लास्ट का शक गहरा गया। रेलवे पुलिस सुपरिटेंडेंट प्रांजीत बोरा ने बताया कि मरम्मत का काम सुबह 5:25 बजे पूरा कर लिया गया और 5:30 बजे से सामान्य ट्रेन सेवा फिर से शुरू हो गई। इस धमाके के कारण करीब 8 से 10 ट्रेनें लेट हुईं। अधिकारीयों ने सेक्शन में पेट्रोलिंग बढ़ा दी है और राज्य पुलिस, RPF तथा इंटेलिजेंस एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। शुरुआती जांच में इसे संदिग्ध बम धमाका माना जा रहा है, जबकि जांच जारी है।

