पाकिस्तान की तहरीक-ए-तालिबान (TTP) ने सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर को खुली चुनौती दी है। TTP ने हाल ही में कई वीडियो जारी किए हैं, जिनमें उनका एक शीर्ष कमांडर काजिम, सीधे आसिम मुनीर को युद्ध के मैदान में मुकाबले के लिए ललकारता नजर आया। काजिम ने वीडियो में कहा, “अगर तुम मर्द हो तो सामने आकर लड़ो।” उन्होंने तंज करते हुए यह भी कहा कि “अगर तुमने मां का दूध पिया है, तो हमसे मुकाबला करो।” इस धमकी के बाद पाकिस्तानी अधिकारियों ने काजिम की गिरफ्तारी के लिए 10 करोड़ पाकिस्तानी रुपये का इनाम घोषित किया। TTP के हमले 8 अक्टूबर को खैबर पख्तूनख्वा के कुर्रम जिले में हुए, जिसमें संगठन ने दावा किया कि 22 सैनिक मारे गए, जबकि सेना ने 11

सैनिकों के मारे जाने की पुष्टि की। हमले में लूटे गए हथियार और वाहन भी वीडियो में दिखाए गए। विशेषज्ञों का मानना है कि TTP की बढ़ती ताकत सिर्फ सेना के मनोबल को कमजोर करने के लिए नहीं, बल्कि आम जनता में भय पैदा करने के लिए भी है। कुर्रम हमला इस बात का संकेत है कि TTP अब पहले से अधिक संगठित और आक्रामक हो चुका है। पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार, TTP की ताकत बढ़ने से अन्य हिंसक समूह जैसे लश्कर-ए-झंगवी और ISKP भी प्रभावित हो रहे हैं और पाकिस्तान में संभावित आतंकवादी घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है।

