
दिल्ली के रोहिणी इलाके में बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात हुए एनकाउंटर में बिहार के चार मोस्ट वांटेड गैंगस्टर मारे गए हैं। मारे गए अपराधियों में गैंग का सरगना रंजन पाठक भी शामिल है। यह ऑपरेशन दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने मिलकर किया। एनकाउंटर 22-23 अक्टूबर की रात करीब 2:20 बजे हुआ, जिसमें दोनों ओर से जबरदस्त फायरिंग हुई। पुलिस की गोलियों से चारों अपराधी — रंजन पाठक, बिमलेश महतो उर्फ साहनी, मनीष पाठक और अमन ठाकुर ढेर हो गए। चारों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में दिल्ली पुलिस के चार जवानों के बुलेटप्रूफ जैकेट में भी गोलियां लगीं। सूत्रों के मुताबिक, ये सभी बिहार में कई संगीन वारदातों में वांटेड थे और चुनाव से पहले बड़ी साजिश रचने की योजना बना रहे थे, जिसे पुलिस ने एनकाउंटर के जरिए नाकाम कर दिया।

