केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के परिवार ने ऐतिहासिक कदम उठाते हुए पिछले तीन सौ वर्षों से सुरक्षित गुरु गोबिंद सिंह जी और माता साहिब कौर जी के पवित्र ‘जोड़ा साहिब’ को तख्त श्री पटना साहिब में अर्पित करने का निर्णय लिया है। इसकी घोषणा हरदीप सिंह पुरी ने गुरुवार को की।

उन्होंने बताया कि दिल्ली से पटना तक ‘चरण सुहावा गुरु चरण यात्रा’ निकाली जाएगी, जिसमें गुरु ग्रंथ साहिब के पावन स्वरूप और पांच प्यारे साहिब भी शामिल रहेंगे। यह यात्रा 22 अक्टूबर को गुरुद्वारा मोती बाग साहिब से शुरू होकर 1 नवंबर को तख्त श्री पटना साहिब पहुंचेगी। यात्रा फरीदाबाद, आगरा, बरेली, लखनऊ, प्रयागराज और सासाराम होते हुए पटना पहुंचेगी। यात्रा के दौरान हर शहर में संगत को जोड़ा साहिब के दर्शन का अवसर मिलेगा।

