बिहार विधानसभा चुनाव में आज से बीजेपी के दिग्गज नेताओं की चुनावी एंट्री शुरू हो गई है। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह तीन दिवसीय बिहार दौरे पर हैं। वहीं, बीजेपी के स्टार प्रचारक और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज दो रैलियों को संबोधित करेंगे। योगी आदित्यनाथ सबसे पहले दानापुर में बीजेपी नेता रामकृपाल यादव के नामांकन में शामिल होंगे और इसके बाद वहां रैली करेंगे। उनकी दूसरी रैली सहरसा में होगी, जहां बीजेपी उम्मीदवार आलोक रंजन झा के नामांकन में वह शामिल होंगे। बीजेपी के दिग्गजों के नामांकन भी आज से शुरू हो चुके हैं।

बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी मुंगेर की तारापुर विधानसभा सीट से नामांकन दाखिल करेंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और केंद्रीय मंत्री एवं मुंगेर सांसद ललन सिंह भी मौजूद रहेंगे। वहीं, महागठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर सस्पेंस बरकरार है। कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट पहले ही जारी कर दी है।

