लखीसराय – बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने बुधवार की दोपहर लखीसराय विधानसभा सीट से आगामी चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया। उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के साथ बिहार के दूसरे उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, और दिल्ली से आए कई वरिष्ठ भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे। लखीसराय समाहरणालय परिसर में हजारों की भीड़ उमड़ी, जिससे वहां चुनावी जोश और उत्साह का माहौल बन गया। कार्यक्रम के मद्देनज़र जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे। समाहरणालय के चारों ओर पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारी, और विशेष यातायात नियंत्रण दल तैनात किए गए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की गई थी ताकि किसी प्रकार की

अव्यवस्था न हो। नामांकन के बाद आयोजित सभा में उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा— “लखीसराय मेरी कर्मभूमि है। यहां की जनता ने हमेशा मुझे अपार स्नेह और विश्वास दिया है। मैं जनता के आशीर्वाद से क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित हूं।” वहीं उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में विकास की रफ्तार को और तेज़ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की एनडीए सरकार मिलकर बिहार को नए विकास पथ पर ले जाने का संकल्प रखती है। “आदरणीय विजय सिन्हा जी के नामांकन में हम लोग पहुंचे हैं। बिहार के विकास में लखीसराय जिला एक मजबूत कड़ी है। विजय जी को बधाई और शुभकामनाएं देने आया हूं। जनता से आग्रह है कि वे उन्हें अपार बहुमत से जीत दर्ज करवाकर पटना भेजें, ताकि मोदी जी और नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में फिर से एनडीए की सरकार बन सके।”

