बोकारो जिले के जरीडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की बड़ी वारदात को नाकाम कर दिया। मंगलवार देर शाम तुपकाडीह इलाके में गश्ती के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि खुंटरी स्थित महाकाल पेट्रोल पंप के पास जंगल में एक संदिग्ध पिकअप वैन छिपी हुई है। सूचना पर थाना प्रभारी बिपिन चन्द्र महतो ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और छापेमारी के दौरान दो चोरों — बैजनाथ मुर्मू (25) और महानन्द मांझी (50) — को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी खुंटरी गांव के निवासी हैं। पुलिस ने मौके से VSPL कंपनी का करीब 300 किलो एल्युमिनियम तार, एक महिन्द्रा पिकअप, एक कटर और दो मोबाइल बरामद किए।

इस कार्रवाई में स०अ०नि० इमानुएल मुर्मू, पु०अ०नि० हितनारायन महतो और विकास कुमार विश्वकर्मा शामिल थे। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस की तत्परता से एक बड़ी चोरी की घटना रोकी गई है और ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

