दिवाली और छठ पर्व के मद्देनज़र जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है इसी क्रम में गत देर रात्रि को अंचलाधिकारी अरविंद बेदिया एवं नगर थाना प्रभारी के नेतृत्व में शहर के विभिन्न लॉज और होटलों में जांच अभियान चलाया गया। निरीक्षण के दौरान ठहरे हुए लोगों की जानकारी, पहचान पत्र और रजिस्टर की जांच की गई। होटल संचालकों को बगैर वैध पहचान पत्र के किसी को भी ठहरने की अनुमति न देने व किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने संबंधी निर्देश दिया गया।

अंचलाधिकारी ने कहा कि पर्वों के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर थाना प्रभारी ने बताया कि शहर में निगरानी और बढ़ा दी गई है तथा विशेष टीम संवेदनशील स्थानों पर लगातार नजर रख रही है। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि दीपावली और छठ जैसे पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाए जा सकें।

