भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच तलाक का मामला अब बेहद गर्मा गया है। दोनों के बीच का विवाद अब अदालत की चौखट तक पहुंच चुका है, और अब इसमें 30 करोड़ रुपये के गुजारा भत्ते की मांग ने हलचल मचा दी है। जानकारी के मुताबिक, ज्योति सिंह ने अपने अलग रह रहे पति पवन सिंह से 30 करोड़ रुपये गुजारा भत्ते की मांग की है। वहीं, पवन सिंह की कानूनी टीम का कहना है कि अदालत ने अभी तक कोई तय आदेश नहीं दिया है। पवन की ओर से यह भी आरोप लगाया गया है कि ज्योति का यह कदम नवंबर 2025 में होने वाले बिहार विधानसभा चुनावों से जुड़ा है। उनका कहना है कि यह विवाद चुनावी माहौल में उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश है। पवन सिंह की ये दूसरी शादी है। उनकी पहली पत्नी नीलम देवी ने शादी के कुछ ही समय बाद आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद 2018 में उन्होंने ज्योति से विवाह किया, लेकिन

जल्द ही रिश्तों में दरार पड़ गई। अप्रैल 2022 में ज्योति ने तलाक की याचिका दायर करते हुए पवन पर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने ये भी दावा किया कि पवन ने उन्हें दो बार गर्भपात के लिए मजबूर किया। हाल ही में ज्योति ने 25 नींद की गोलियां खाने का प्रयास करने की बात कही, जिससे विवाद और गहराया। वहीं, पवन सिंह ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए इसे “राजनीतिक चाल” बताया है। अब एक केस बिहार के आरा कोर्ट में और दूसरा उत्तर प्रदेश के बलिया में चल रहा है। अब देखना होगा कि अदालत इस हाई-प्रोफाइल विवाद में क्या फैसला सुनाती है — और क्या ‘पावर स्टार’ का ये निजी मामला राजनीतिक मोड़ लेगा?

