
अमेरिका के टेक्सास स्थित बोका चिका से मंगलवार 14 अक्टूबर सुबह 5 बजे दुनिया के सबसे ताकतवर रॉकेट स्टारशिप का 11वां टेस्ट सफलतापूर्वक पूरा किया गया। स्पेसएक्स की ओर से किए गए इस टेस्ट की अवधि 1 घंटे 6 मिनट रही। इस दौरान सुपर हैवी बूस्टर ने अमेरिका की खाड़ी में सफल वॉटर लैंडिंग की, जबकि स्टारशिप स्पेसक्राफ्ट ने हिंद महासागर में वॉटर लैंडिंग की। इस मिशन का मकसद भविष्य में रॉकेट को लॉन्च साइट पर वापस लाने से जुड़ी तकनीक का परीक्षण करना था। दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी इलॉन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स ने यह रॉकेट विकसित किया है। 403 फीट ऊंचा यह रॉकेट दो हिस्सों—स्टारशिप और सुपर हैवी बूस्टर —से मिलकर बना है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह पूरी तरह रीयूजेबल है।

