दिल्ली में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस दौरान दोनों देशों के बीच आपसी संबंधों और रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने पर चर्चा की गई। जयशंकर ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में भारत और कनाडा के रिश्ते सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। बैठक में व्यापार, प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, कृषि और लोगों के बीच आपसी सहयोग को बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अनीता आनंद के भारत आगमन पर उनका स्वागत किया

और साझा विकास व समृद्धि के लिए द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने की बात कही। दोनों देशों ने भरोसे और पारस्परिक हितों पर आधारित नए अवसरों की संभावनाओं पर भी विचार किया। इस बैठक को भारत-कनाडा संबंधों में नई ऊर्जा भरने वाला कदम माना जा रहा है।

