प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच आपसी सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने इस मुलाकात की जानकारी अपने आधिकारिक X अकाउंट पर साझा करते हुए लिखा, “कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद का स्वागत किया। आपसी विकास और समृद्धि के लिए व्यापार, प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, कृषि और लोगों के बीच आदान-प्रदान में सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।” दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा देने पर सहमति

जताई। विशेष रूप से आर्थिक साझेदारी, निवेश और नवाचार के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया। गौरतलब है कि हाल के वर्षों में भारत-कनाडा संबंधों में उतार-चढ़ाव रहे हैं, लेकिन यह बैठक दोनों देशों के बीच संवाद की नई शुरुआत के रूप में देखी जा रही है।

