पाकिस्तान के क्वेटा और पेशावर के बीच चलने वाली जाफर एक्सप्रेस को सुल्तान कोट, शिकारपुर के पास बम विस्फोट का शिकार बनाया गया। धमाके की वजह से 7 लोग घायल हुए और ट्रेन के 6 डिब्बे पटरी से उतर गए। हमले की जिम्मेदारी बलूच विद्रोही समूह बलूच रिपब्लिकन गार्ड्स (BRG) ने ली है। उनके प्रवक्ता ने कहा कि यह ऑपरेशन बलूचिस्तान की आजादी तक जारी रहेगा। धमाके के समय ट्रेन में पाकिस्तानी सेना के जवान भी मौजूद थे।

सुरक्षाबलों ने विस्फोट के बाद इलाके की घेराबंदी कर दी और बम निरोधक दस्ते को तैनात किया। यह जाफर एक्सप्रेस पर हाल के महीनों में कई बार हुए हमलों का नया मामला है। इसी साल मार्च में बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने इसे हाईजैक भी किया था, जिसमें 400 से अधिक यात्रियों को बंधक बनाया गया था।

