लखीसराय (चानन)- भलुई पंचायत के सतघरवा में मंगलवार, 7 अक्टूबर की दोपहर मतदाता जागरूकता अभियान के तहत एक फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कछुआ के खेल मैदान में किया गया, जिसमें ग्रामीणों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही। खेल के माध्यम से मतदान के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने फुटबॉल को किक मारकर खेल की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में हर मतदाता की भागीदारी जरूरी है।

जिलाधिकारी ने उपस्थित लोगों से अपील की — “पहले मतदान, फिर खान-पान”, ताकि मतदान प्रतिशत में वृद्धि हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि “6 तारीख को मैं आप सभी को निमंत्रण देता हूं कि आप लोग अवश्य मतदान करें।” मैच 15-15 मिनट के दो हाफ़ में खेला गया। इसमें बासकुंड और कछुआ की टीमें आमने-सामने हुईं। रोमांचक मुकाबले में बासकुंड टीम विजेता बनी, जबकि कछुआ टीम उपविजेता रही।

