
पाकिस्तान ने पहली बार दुर्लभ और अहम खनिजों की खेप अमेरिका भेजी है। यह खेप पिछले महीने अमेरिका की एक कंपनी के साथ पाकिस्तान के खनिज संसाधनों की खोज और विकास के लिए किए गए समझौते के तहत भेजी गई है। अमेरिका को भेजी गई खेप में एंटिमनी, कॉपर कॉन्सन्ट्रेट और रेयर अर्थ मिनरल्स जैसे नियोडाइमियम और प्रैसोडाइमियम शामिल हैं। इस समझौते और खेप के अमेरिका भेजे जाने पर पाकिस्तान में विरोध शुरू हो गया है। पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने अमेरिका के साथ हुई ‘सीक्रेट डील्स’ पर गहरी चिंता जताई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम पाकिस्तान की खनिज संपत्ति और रणनीतिक संसाधनों को वैश्विक बाजार में मजबूती से पेश करने की दिशा में अहम साबित हो सकता है, लेकिन साथ ही इसे लेकर राजनीतिक और सुरक्षा संबंधी चिंताएँ भी बढ़ रही हैं।

