
उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग में हालात बेहद गंभीर हो गए हैं। लगातार हो रही बारिश के चलते भूस्खलन, बाढ़ और पुल टूटने की घटनाओं ने इलाके में भारी तबाही मचा दी है। रविवार को हुई मूसलाधार बारिश के बाद दार्जिलिंग और आसपास के क्षेत्रों में पिछले एक दशक का सबसे भयावह भूस्खलन देखने को मिला, जिसमें अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें कई बच्चे भी शामिल हैं। सैकड़ों पर्यटक इलाके में फंसे हुए हैं, कई गांवों का संपर्क पूरी तरह कट गया है, सड़कें टूट गई हैं और दर्जनों घर मलबे में तब्दील हो गए हैं। राहत और बचाव कार्य तेज़ी से जारी है, लेकिन लगातार बारिश के कारण मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। इस बीच, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज उत्तरी बंगाल का दौरा करेंगी। वह प्रभावित इलाकों का सर्वेक्षण कर राहत कार्यों की समीक्षा करेंगी और पीड़ित परिवारों से मुलाकात भी करेंगी।

