वृद्ध महिला की हत्या के मामले में आरोपी ममेरा भाई गिरफ्तार, एसडीपीओ ने किया खुलासा जिले के पाकुड़िया प्रखंड के पाकुड़िया थाना क्षेत्र के बालिडीह गांव में 2 अक्टूबर की शाम को 62 वर्षीय वृद्ध महिला असारी रानी पहाड़िया की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में आयोजित प्रेसवार्ता में महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस के द्वारा मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया गया एवं अंत्यपरीक्षण हेतु शव को सदर अस्पताल पाकुड़ भेजा गया। एसडीपीओ ने बताया कि मृतका के पुत्र दिबान पहाड़िया ने अपनी मां की हत्या का आरोप ग्राम सोनापुर, थाना महेशपुर निवासी शंभू पहाड़िया पर लगाया है।आरोपी दिबान पहाड़िया के रिश्ते में

ममेरा भाई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। पुलिस अधीक्षक पाकुड़ के निर्देश पर एसडीपीओ विजय कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। जांच के क्रम में पुलिस ने शनिवार को छापेमारी कर आरोपी शंभू पहाड़िया को बालिडीह गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकारते हुए बताया कि किसी बात को लेकर मृतका से उसका विवाद हो गया था और आवेश में आकर उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के द्वारा अग्रतर कार्रवाई जारी है। छापेमारी दल में थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, अवर निरीक्षक कैला उरांव, सहायक अवर निरीक्षक बाबुधन मुर्मू, आरक्षी परशुराम पासवान और मुकेश कुमार साह शामिल थे।

