
उन्नाव की सरस्वती टाकीज में मंगलवार सुबह भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज़ थी कि थियेटर की स्क्रीन, कुर्सियां और पर्दे जल गए। हादसा 12 बजे का शो शुरू होने से डेढ़ घंटे पहले हुआ। कपड़े और फोम जैसी सामग्री की वजह से आग तेजी से फैली। गनीमत रही कि थियेटर उस समय खाली था। बाहरी हिस्से में मौजूद एक परिवार और कुछ कर्मचारी फंस गए थे, जिन्हें फायर बिग्रेड ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला। 40 साल पुरानी यह टाकीज गंगाघाट कोतवाली इलाके में करीब एक बीघा में बनी है। आग लगते ही अफरातफरी मच गई और आसपास की दुकानों के लोग अपना सामान समेटने लगे। फायर बिग्रेड ने लगभग दो घंटे में आग पर काबू पा लिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

