बिहार सरकार की शराबबंदी नीति के तहत जिले में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार 27 सितंबर को लखीसराय के उत्पाद थाना परिसर और बाजार समिति परिसर में बड़े पैमाने पर जब्त की गई शराब को नष्ट किया गया। जानकारी के अनुसार, उत्पाद थाना परिसर में 500.29.2 लीटर देशी और विदेशी शराब को नष्ट किया गया। वहीं, जिले के विभिन्न थानों में पूर्व से जब्त शराब को भी एकत्र कर लखीसराय बाजार समिति में नष्ट किया गया, जिसकी मात्रा 235.25 लीटर बताई गई। इस अभियान की निगरानी कर रहे प्रतिनियुक्त कृषि पदाधिकारी, श्रवण कुमार ने बताया कि शराबबंदी कानून के तहत जब्त की गई सभी खेप को नष्ट किया जा रहा है। उन्होंने कहा—“आज उत्पाद थाना और बाजार

समिति में जब्त की गई भारी मात्रा में शराब को नष्ट किया गया है। आगे भी इसी तरह की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। जो भी शराब पकड़ी जाएगी, उसे विधि सम्मत प्रक्रिया के तहत नष्ट कर दिया जाएगा।” गौरतलब है कि बिहार सरकार ने वर्ष 2016 से पूर्ण शराबबंदी लागू कर रखी है। इसके बावजूद अवैध शराब की तस्करी और बिक्री की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रहती हैं। ऐसे में प्रशासन द्वारा जब्त की गई शराब को नष्ट करना न केवल कानून का पालन है बल्कि सरकार की शराबबंदी के प्रति सख्ती का संदेश भी है। श्रवण कुमार, प्रतिनियुक्त प्रभारी एवं कृषि पदाधिकारी, लखीसराय में कहा “आज कुल 735 लीटर से अधिक शराब नष्ट की गई है। आने वाले दिनों में भी यह कार्रवाई लगातार चलती रहेगी।”

