बिहार विधानसभा चुनाव से पहले तेज प्रताप यादव ने अपनी नई पार्टी का ऐलान कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा करते हुए पार्टी का नाम जनशक्ति जनता दल रखा है। तेज प्रताप यादव ने कहा कि उनकी पार्टी बिहार के संपूर्ण विकास के लिए पूरी तरह समर्पित है और उनका उद्देश्य राज्य में एक नई व्यवस्था और संपूर्ण बदलाव लाना है। नए पार्टी पोस्टर में उनके परिवार के सदस्य—लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी—की तस्वीरें नहीं दिखाई दे रही हैं। पोस्टर में सबसे ऊपर महात्मा गांधी,

बाबा साहब भीमराव अंबेडकर, राम मनोहर लोहिया, जय प्रकाश नारायण और कर्पूरी ठाकुर की तस्वीरें हैं। पार्टी के स्लोगन में लिखा है: “जन-जन की शक्ति, जन-जन का राज, बिहार का विकास करेंगे तेज प्रताप।” चुनावी चिन्ह के रूप में पार्टी ने ब्लैक बोर्ड को चुना है। बीते महीनों में तेज प्रताप यादव और राजद के बीच रिश्तों में खटास देखी गई थी। राजद से अलग होने के बाद अब तेज प्रताप ने अपने राजनीतिक सफर की नई शुरुआत कर दी है।

