22 सितंबर को वासेपुर मटकुरिया आंगनबाड़ी केंद्र के सेफ्टी टैंक में मिले टोटो चालक सोनू यादव (22) के शव का मामला सुलझा लिया गया है। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि हत्या करने वाला कोई और नहीं, बल्कि मृतक का पुराना दोस्त तुलसी विश्वकर्मा उर्फ फेकन (28) था। नगर एसपी ऋतिक श्रीवास्तव ने बताया कि फोरेंसिक जांच में मिले सबूतों के आधार पर फेकन को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

फेकन ने बताया कि पहले दोनों की दोस्ती अच्छी थी, लेकिन एक सप्ताह पहले हुए झगड़े के बाद सोनू ने उसे लगातार अपमानित किया। गुस्से में आकर फेकन ने सोनू को पेट में छुरा मारकर और गला रेतकर हत्या कर दी। शव को छुपाने के लिए फेकन ने उसे सेफ्टी टैंक में डाल दिया। पुलिस ने फेकन की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, कपड़ा और चप्पल भी बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर हत्या का सच उजागर कर दिया।

