गुजरात के गांधीनगर जिले से बड़ी खबर— देहगाम तालुका के बहियाल गांव में बीती रात हिंसक झड़प हो गई। सोशल मीडिया पर एक स्टेटस पोस्ट से शुरू हुआ विवाद कुछ ही घंटों में पथराव, आगजनी और तोड़फोड़ में बदल गया। गांव में चल रहे गरबा आयोजन के दौरान अचानक पत्थरबाज़ी शुरू हुई, जिससे पंडाल में भगदड़ मच गई। उपद्रवियों ने 8 से ज्यादा वाहनों को क्षतिग्रस्त किया, एक दुकान में आग लगा दी और पुलिस पर भी हमला किया। इसमें पुलिस के दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और भीड़ को खदेड़ा। फिलहाल गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और हालात पर कड़ी नज़र रखी जा रही है। पुलिस CCTV और वायरल वीडियो की मदद से आरोपियों की पहचान कर रही है और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इलाके का माहौल अभी भी तनावपूर्ण है, लेकिन प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

