
टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा इनवेस्टमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (TICL) ने अपने शेयरधारकों से स्टॉक स्प्लिट के लिए मंजूरी हासिल कर ली है। यह कंपनी के इतिहास में पहली बार शेयरों को छोटे हिस्सों में बांटने की प्रक्रिया है। कंपनी के बयान के अनुसार, यह स्टॉक स्प्लिट 1:10 के अनुपात में होगा। यानी 10 रुपये के फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर को 1 रुपये के फेस वैल्यू वाले 10 हिस्सों में बांटा जाएगा। इस प्रस्ताव को शेयरधारकों ने पोस्टल बैलट प्रक्रिया के माध्यम से मंजूरी दी। इससे पहले कंपनी के बोर्ड ने 4 अगस्त 2025 को इस स्टॉक स्प्लिट को मंजूरी दी थी। स्टॉक स्प्लिट के लिए रिकॉर्ड डेट 14 अक्टूबर 2025 तय की गई है। कंपनी ने कहा कि 22 सितंबर 2025 को पोस्टल बैलट प्रक्रिया के परिणाम घोषित किए गए, जिसमें शेयरधारकों ने इक्विटी शेयरों के सब-डिविजन, मेमोरेंडम ऑफ एसोसिएशन और आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन में कैपिटल क्लॉज के संशोधन को भी मंजूरी दी।

