दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आज भारतीय महिला टीम और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला खेला जाएगा। सीरीज इस समय 1-1 की बराबरी पर है और दोनों ही टीमों की नजरें जीत पर टिकी हुई हैं। बीसीसीआई ने मैच से पहले एक खास वीडियो जारी किया है, जिसमें टीम इंडिया की खिलाड़ी पिंक जर्सी पहने नज़र आ रही हैं। दरअसल, भारतीय महिला टीम इस मुकाबले में अपनी पारंपरिक ब्लू जर्सी की जगह पिंक जर्सी पहनकर मैदान पर उतरेगी। इसका उद्देश्य है – ब्रेस्ट कैंसर को लेकर जागरूकता फैलाना। कप्तान हरमनप्रीत कौर और अन्य खिलाड़ियों ने इस पहल में भागीदारी दिखाई है। बीसीसीआई ने अपने संदेश में लिखा है कि टीम इंडिया आज ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए स्पेशल

पिंक जर्सी में खेलेगी। क्रिकेट की बात करें तो पहले मैच में भारत ने 281 रन बनाने के बावजूद हार झेली थी। लेकिन दूसरे वनडे में भारतीय टीम ने जबरदस्त वापसी करते हुए 292 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया को 190 रन पर ढेर कर दिया। इस जीत से सीरीज 1-1 की बराबरी पर आ गई। आज का मुकाबला न केवल सीरीज का फैसला करेगा बल्कि टीम इंडिया के पास ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहली बार वनडे सीरीज जीतने का सुनहरा मौका भी है।

