
मुंबई सेंट्रल से वलसाड जा रही ट्रेन के इंजन में अचानक आग लग गई। यह घटना शुक्रवार शाम 7:56 बजे पालघर जिले के केल्वे रेलवे स्टेशन पर हुई। आग लगते ही यात्रियों में अफरातफरी मच गई। वेस्टर्न रेलवे प्रशासन ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई की गई और थोड़ी ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इलेक्ट्रिक इक्विपमेंट में तकनीकी खराबी की वजह से इंजन में आग लगी। घटना के बाद प्रभावित इंजन को हटाकर ट्रेन में नया इंजन जोड़ा गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है। सुरक्षा कारणों से ओएचई सप्लाई कुछ समय के लिए बंद की गई थी। ट्रेन फिलहाल केल्वे रोड स्टेशन पर खड़ी है और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। वहीं, इस घटना के चलते सूरत की ओर जाने वाली डाउन ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
