उत्तराखंड में फिर से बादल फटने की घटनाओं ने तबाही मचाई है। चमोली जिले के नंदानगर घाट क्षेत्र में देर रात दो जगहों पर बादल फटने से भारी नुकसान हुआ। कुंतरी लंगाफली वार्ड में छह घर पूरी तरह ढह गए हैं और सात लोग लापता बताए जा रहे हैं। राहत दल ने अब तक दो लोगों को सुरक्षित निकाला है। वहीं धुर्मा गांव में भी कई मकान, दुकानें और वाहन मलबे में दब गए। घटना की सूचना मिलते ही SDRF, NDRF और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुट गई हैं। हालांकि लगातार बारिश और खराब मौसम के कारण ऑपरेशन में कठिनाइयां आ रही हैं

। जिला आपदा प्रबंधन केंद्र ने भी पुष्टि की है कि कई घर भूस्खलन के मलबे में नष्ट हो गए हैं। इससे पहले देहरादून और आसपास के इलाकों में बादल फटने से 6 लोगों की मौत और 7 के लापता होने की खबर आई थी। मौसम विभाग ने अगले 20 घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

