बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर हुई फायरिंग मामले में यूपी STF ने बड़ी कार्रवाई की है। गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी में मुठभेड़ के दौरान दोनों शूटर अरुण और रविंदर ढेर हो गए। STF की टीम को देखते ही दोनों बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जवाबी कार्रवाई में दोनों गंभीर रूप से घायल हुए और अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। ये दोनों शूटर कुख्यात अपराधियों रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ गैंग से जुड़े थे। 12 सितंबर की सुबह दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर पर इन बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। उस वक्त घर में दिशा का पूरा परिवार मौजूद था।

इस वारदात के बाद गैंग ने सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी भी ली थी। एनकाउंटर स्थल से STF ने जिगाना और ग्लॉक पिस्टल बरामद किए हैं। यूपी के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने कहा कि योगी सरकार अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और यह कार्रवाई उसी का उदाहरण है।
