“असम में असम सिविल सेवा (ACS) की महिला अधिकारी नूपुर बोरा को भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने जांच के दौरान उनके घर से बेहिसाब संपत्ति बरामद की। नूपुर बोरा 2019 बैच की अधिकारी हैं और पिछले छह महीनों से विशेष सतर्कता शाखा की निगरानी में थीं। उनके ठिकानों पर छापेमारी में गुवाहाटी स्थित घर से 92.50 लाख रुपये से अधिक नकद और लगभग 1.5 करोड़ रुपये के गहने मिले। बरपेटा स्थित किराए के मकान से भी 10 लाख रुपये नकद बरामद हुए।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि नूपुर बोरा ने बरपेटा में सर्किल ऑफिसर रहते हुए हिंदुओं की जमीन संदिग्ध व्यक्तियों को ट्रांसफर की और ऐसे भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अधिकारी ने अपनी आय के ज्ञात स्रोतों से 400 गुना अधिक संपत्ति जमा कर ली थी। जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस ने नूपुर बोरा के साथ काम करने वाले सुरजीत डेका के घर पर भी छापेमारी की और अब उनकी बैंक डिटेल्स व जमीन के सौदों की पूरी जांच की जा रही है। मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी रिश्वत मांगता है तो तुरंत इसकी सूचना दें।”

