पूर्वी चंपारण के गोविंदगंज विधानसभा क्षेत्र से तीन बार विधायक रह चुकीं मीना द्विवेदी ने जेडीयू का दामन छोड़कर आज जन सुराज पार्टी जॉइन कर ली है। मीना द्विवेदी अपने सैकड़ों समर्थकों और जेडीयू के जिला व प्रखंड स्तर के कई पदाधिकारियों के साथ प्रशांत किशोर से मिलीं और जन सुराज की सदस्यता ली। इस दौरान प्रशांत किशोर ने उन्हें पीला गमछा ओढ़ाकर स्वागत किया। हाल ही में मीना द्विवेदी ने जेडीयू की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया था। बताया जा रहा है कि लगातार उपेक्षा और समर्थकों की अनदेखी से नाराज़ होकर उन्होंने यह बड़ा कदम उठाया।

आपको बता दें कि मीना द्विवेदी का परिवार लंबे समय से राजनीति से जुड़ा रहा है। 1995 में उनके देवर देवेंद्र नाथ दुबे विधायक बने, 1998 के उपचुनाव में उनके पति भूपेंद्र नाथ दुबे विधायक चुने गए, और इसके बाद 2005 व 2010 में मीना द्विवेदी ने खुद जेडीयू से जीत दर्ज की थी। अब उनके जन सुराज में शामिल होने से पूर्वी चंपारण की राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना जताई जा रही है।

