सिविल सर्जन ने डीएवी पब्लिक स्कूल के बच्चों को कृमि मुक्ति दवा खिलाकर किया अभियान का शुभारंभ राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ सुरेन्द्र कुमार मिश्रा के द्वारा डीएवी पब्लिक स्कूल में बच्चों को कृमि मुक्ति की दवा खिलाकर किया गया। मौके पर जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ एस के झा, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ कौशल कुमार सिंह, डब्लूएचओ के पदाधिकारी, डीपीएम, डीडीएम, जिला शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक, स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र छात्राओं के बीच स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश प्रसारित किया गया। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का उद्देश्य 1 से 19 वर्ष तक की आयु वर्ग के बच्चों एवं किशोरों को कृमि संक्रमण से मुक्त कराना है। कृमि संक्रमण बच्चों में कुपोषण,

खून की कमी, मानसिक एवं शारीरिक विकास में बाधा और शिक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उपायुक्त के द्वारा प्रत्येक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र और समुदायों में योग्य बच्चे एवं किशोरों को दवा खिलाने का निर्देश स्वास्थ्य विभाग की टीम को दिया गया। सिविल सर्जन ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अपने बच्चों को कृमि नाशक दवा खिलायें, शिक्षा और पोषण तभी सार्थक होंगे जब बच्चे शारीरिक रूप से स्वस्थ रहेंगे। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के माध्यम से आने वाले भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक कदम उठा रहे हैं। हमारा लक्ष्य है कि जिले का कोई भी बच्चा कृमि संक्रमण से पीड़ित न रहे।कृमिनाशक दवा सुरक्षित है और हर बच्चे को साल में दो बार यह दवा लेनी चाहिए। स्वास्थ्य विभाग ने जिले के प्रत्येक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र तक दवा उपलब्ध कराई है।

