
उत्तराखंड में रातभर हुई मूसलधार बारिश ने कई इलाकों में तबाही मचा दी है। देहरादून-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर फन वैली और उत्तराखंड डेंटल कॉलेज के पास बने पुल का हिस्सा टूटकर बह गया, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। देहरादून के पर्यटन स्थल सहस्त्रधारा में बादल फटने से नदियां और जलधाराएं उफान पर आ गईं। कई दुकानें बह गईं और 2 से 3 लोग लापता बताए जा रहे हैं। मसूरी से एक व्यक्ति की मौत की खबर भी सामने आई है। टपकेश्वर महादेव मंदिर का पूरा परिसर भी पानी में डूब गया है, हालांकि मंदिर का गर्भगृह सुरक्षित है। आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक अब तक 300 से 400 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हालात पर चिंता जताई है और कहा है कि जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और पुलिस राहत एवं बचाव कार्य में जुटी है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया है कि सरकार लगातार स्थिति पर नज़र रख रही है।

