
रविवार की सुबह पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के बरमसिया कालोनी के समीप स्थित बाँसलोई नदी के किनारे एक नाबालिग युवती का शव बरामद किया गया। शव की पहचान थाना क्षेत्र के ही बरमसिया गांव की नाबालिग युवती के रूप में हुई है। मृतका मुख्य बाजार के कन्या मध्य विद्यालय अमड़ापाड़ा की छात्रा बताई जा रही है। प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बरमसिया गांव के समीप बाँसलोई नदी किनारे एक युवती के शव के पड़े होने की सूचना स्थानीय लोगों के द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही एसआई गब्रियल आईन, एएसआई कवीन्द्र मिश्रा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुँच कर मामले की जानकारी ली। घटनास्थल से युवती के शव के बगल में एक झोला मिला है जिसमें स्कूल ड्रेस, कॉपी, कलम, चप्पल सहित अन्य समान बरामद किया गया। साथ ही शव के बगल में जहरीली दवा, पानी का बोतल एवं नास्ता पड़ा हुआ है। शव की पहचान मृतका के रिश्तेदारों ने की। जरूरी कागजी कारवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल सोनाजोडी भेज दिया गया। इधर पुलिस अग्रतर कार्रवाई में जुट गई है।

