
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को कुरुक्षेत्र से पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए राहत सामग्री से लदे 20 ट्रक रवाना किए। इन ट्रकों में खाद्यान्न, पानी, दवाइयां, मच्छरदानी, तिरपाल और पशुओं के लिए चारा सहित जरूरी सामान भेजा गया है। सीएम सैनी ने बताया कि पंजाब, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के लिए हरियाणा सरकार ने 5-5 करोड़ रुपये की सहायता दी है। उन्होंने X पर पोस्ट कर लिखा—“सेवा ही सर्वोपरि है।” उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाढ़ प्रभावित राज्यों के लिए 3,100 करोड़ रुपये की राहत पैकेज की घोषणा की है, जिसमें पंजाब को 1,600 करोड़ और हिमाचल को 1,500 करोड़ मिलेंगे। हरियाणा सरकार ने किसानों के लिए ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल शुरू किया है। अब तक 3.24 लाख किसानों ने 19.22 लाख एकड़ फसल का नुकसान दर्ज कराया है। मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये का मुआवजा दिया जा रहा है।

